
रिपोर्ट_______अरुण यादव
आजमगढ़। हत्या के एक मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे करीब 65 वर्षीय कैदी की जौनपुर जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। तबीयत बिगड़ने पर उसे सोमवार शाम अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां देर रात करीब 12 बजे उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर मंगलवार सुबह परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, रानी की सराय थाना क्षेत्र के चकवारा गांव निवासी जैनू यादव को आजमगढ़ के जिला एवं सत्र न्यायालय ने हत्या के एक मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। वह वर्ष 2008 से जेल में सजा काट रहा था। पहले उसे आजमगढ़ जिला कारागार में रखा गया था, लेकिन कुछ माह पूर्व उसे जौनपुर जिला कारागार स्थानांतरित कर दिया गया था।
बताया गया कि सोमवार को अचानक जैनू यादव की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद जेल प्रशासन ने उसे उपचार के लिए जौनपुर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां शाम करीब सात बजे उसे भर्ती कराया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा था, लेकिन रात करीब 12 बजे उसकी मौत हो गई।
कैदी की मौत के बाद कारागार प्रशासन ने शव को अस्पताल के शवगृह में रखवाकर परिजनों को सूचना दी। मंगलवार सुबह परिजन जौनपुर जिला अस्पताल पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
