रिपोर्ट______अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के सरायमीर थाना क्षेत्र में छोटी अयोध्या के नाम से प्रसिद्ध नई बाजार स्थित श्री ठाकुर द्वारा श्रीरामजानकी मंदिर में चोरी की घटना सामने आई है। मंदिर में हुई चोरी की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो और तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।

मंदिर समिति के अनुसार, 5 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 2:38 बजे से 2:45 बजे के बीच एक अज्ञात महिला मंदिर में पहुंची। आरोप है कि महिला ने मौका देखकर मंदिर में रखे श्री हनुमान जी का चांदी का मुकुट और श्री दुर्गा माता की सोने की नथिया चोरी कर ली और वहां से फरार हो गई।

चोरी की यह पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। वायरल हो रहे फुटेज और तस्वीरों में एक महिला मंदिर के अंदर चोरी करती हुई दिखाई दे रही है। घटना की जानकारी होने के बाद मंदिर समिति के पदाधिकारियों में नाराजगी है।

मंदिर समिति की ओर से मामले की सूचना सरायमीर पुलिस को देते हुए लिखित तहरीर दी गई है। समिति ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपी महिला की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

महिला की पहचान में जुटी पुलिस

मंदिर समिति ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को वायरल वीडियो या तस्वीर में दिखाई दे रही महिला के बारे में कोई जानकारी हो अथवा वह महिला कहीं नजर आए तो तत्काल समिति द्वारा जारी संपर्क नंबरों पर सूचना दें।

समिति ने लोगों से वीडियो और तस्वीरों को अधिक से अधिक शेयर करने की अपील की है, जिससे महिला की पहचान हो सके और चोरी की घटना का खुलासा करने में मदद मिल सके।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिला की पहचान करने में जुटी है।