
रिपोर्ट______अरुण यादव
आजमगढ़। संगठित अपराध और अंतर्राज्यीय शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में आजमगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना तहबरपुर में गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में वांछित अभियुक्त सुखविन्दर सिंह को एसटीएफ लखनऊ की टीम ने पंजाब से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को पंजाब के फतेहगढ़ साहिब न्यायालय में पेश किया गया, जहां से 48 घंटे का ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद शनिवार को उसे थाना तहबरपुर लाया गया। अब आरोपी को आजमगढ़ न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सुखविन्दर सिंह पुत्र गुरूनाम सिंह, उम्र करीब 28 वर्ष, पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले के बस्सी पठाना का रहने वाला है। वह अंतर्राज्यीय अवैध शराब तस्करी गिरोह का सदस्य बताया गया है।
DCM के टूल बॉक्स में छिपाकर ले जा रहे थे 360 लीटर शराब
पुलिस के मुताबिक 11 मार्च 2025 को थाना तहबरपुर पुलिस ने चेकिंग के दौरान टीकापुर तिराहा क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के मघसिया अंडरपास के पास दो DCM वाहनों को रोककर तलाशी ली थी। तलाशी के दौरान दोनों वाहनों के टूल बॉक्स से पंजाब और हरियाणा निर्मित 40 पेटी में 480 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई थी।
बरामद शराब की कुल मात्रा करीब 360 लीटर और कीमत लगभग 2 लाख 21 हजार 400 रुपये बताई गई थी। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ दो DCM वाहन और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए थे।
मामले में थाना तहबरपुर में मु0अ0सं0 55/2025, धारा 60/63/72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
विवेचना में सामने आए तीन नाम
पुलिस की विवेचना के दौरान अवैध शराब तस्करी के मामले में राजू सिंह, सुखविन्दर सिंह और गुरुप्रीत सिंह के नाम सामने आए। पुलिस के अनुसार जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी आर्थिक और भौतिक लाभ के लिए संगठित तरीके से अंतर्राज्यीय स्तर पर अवैध शराब की तस्करी करते थे।
अभियुक्तों के आपराधिक कृत्यों के आधार पर उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम, 1986 के तहत गैंगचार्ट तैयार किया गया, जिसका अनुमोदन 25 जनवरी 2026 को हुआ। इसके बाद थाना तहबरपुर में मु0अ0सं0 18/2026, धारा 3(1) गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इस मामले की विवेचना थाना कप्तानगंज पुलिस द्वारा की जा रही है।
पंजाब में लगातार दबिश दे रही थी STF
गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ मुख्यालय लखनऊ की टीम पंजाब में लगातार दबिश दे रही थी। इसी दौरान 10 सितंबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर एसटीएफ ने थाना बडाली आलासिंह, जनपद फतेहगढ़ साहिब, पंजाब पुलिस के सहयोग से सुखविन्दर सिंह को थाना परिसर के पास से करीब शाम 6:30 बजे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी का नियमानुसार मेडिकल परीक्षण कराया गया और उसे फतेहगढ़ साहिब न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय से 48 घंटे का ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद आरोपी को 12 सितंबर 2026 को थाना तहबरपुर, आजमगढ़ लाया गया।
बिहार तक फैला था अवैध शराब तस्करी का नेटवर्क
पुलिस के मुताबिक गिरोह हरियाणा और पंजाब से अवैध अंग्रेजी शराब खरीदकर उसे DCM वाहनों के टूल बॉक्स में छिपाकर बिहार ले जाने का काम करता था। पुलिस कार्रवाई में सामने आए इस अंतर्राज्यीय नेटवर्क के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
फिलहाल सुखविन्दर सिंह को आजमगढ़ न्यायालय में पेश करने की विधिक कार्रवाई जारी है। पुलिस अन्य वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास कर रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास
सुखविन्दर सिंह के खिलाफ थाना तहबरपुर में मु0अ0सं0 55/2025, धारा 60/63/72 आबकारी अधिनियम का मुकदमा दर्ज है। इसी मामले के आधार पर बाद में उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में एसटीएफ लखनऊ के उपनिरीक्षक चन्द्रप्रकाश मिश्र, हेड कांस्टेबल कवीन्द्र साहनी, मृत्युंजय कुमार सिंह, यशवंत सिंह, कांस्टेबल बीर प्रताप और चालक शिवबीर सिंह शामिल रहे।
