
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। जिला अस्पताल के सामने सड़क जाम कर पुलिस के साथ धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और लाठी-डंडे लेकर प्रदर्शन करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने पांच वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को सोमवार तड़के तहबरपुर थाना क्षेत्र के सोहिला गांव से हिरासत में लिया। सभी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त 2026 को सिधारी थाना क्षेत्र के गेलवारा निवासी रेनू पत्नी शिवम की मृत्यु के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मर्चरी में लाया गया था। पोस्टमार्टम के बाद मृतका के मायके पक्ष के लोग शव को ससुराल पक्ष को ले जाने से रोकते हुए पहले एफआईआर दर्ज कराने की मांग करने लगे। पुलिस ने लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया और एफआईआर दर्ज कराने के लिए थाना सिधारी जाने को कहा। आरोप है कि इसके बाद कुछ लोग आक्रोशित हो गए।
20-25 लोगों के साथ किया सड़क जाम
पुलिस के मुताबिक, उसी दिन दोपहर करीब 3:40 बजे शनि पुत्र रामजी, निवासी हासापुर, थाना तहबरपुर, करीब 20-25 अज्ञात महिला-पुरुष सहयोगियों के साथ जिला अस्पताल के मुख्य गेट के सामने सड़क पर बैठ गया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर शासन-प्रशासन और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।पुलिस द्वारा जाम समाप्त कराने का प्रयास किए जाने पर प्रदर्शनकारियों पर पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और गाली-गलौज करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शनकारी लाठी-डंडे लेकर सड़क पर जाम लगाए रहे।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
मामले में थाना कोतवाली में मु0अ0सं0 0445/2026 के तहत बीएनएस की धारा 189(2), 190, 191(2), 126(2), 121(1), 125, 109(1), 221 और 7 सीएलए एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया था।
सोहिला गांव से पांच गिरफ्तार
मुकदमे में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 31 अगस्त की रात करीब 12:50 बजे ग्राम सोहिला से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संतोष कुमार (28), चन्द्र भान राम (54), अमरनाथ (48), रामचेत (52) और चैतूराम (55) के रूप में हुई है। सभी थाना तहबरपुर क्षेत्र के ग्राम सोहिला के निवासी बताए गए हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम: उपनिरीक्षक मिथिलेश कुमार प्रजापति, कांस्टेबल सुमित कुमार, कांस्टेबल पिंटु यादव, रिजर्व कांस्टेबल राहुल पाण्डेय, उपनिरीक्षक महेन्द्र कुमार सिंह, कांस्टेबल अखिलेश मद्देशिया और कांस्टेबल विशाल यादव, थाना कोतवाली आजमगढ़
