
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। पुलिस विभाग में अनुशासन और कार्यकुशलता बनाए रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कड़ी कार्रवाई की है। थाना गंभीरपुर में तैनात उप निरीक्षक ना.पु. संजय सिंह को पदीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं पुलिस के अनुसार, संजय सिंह के खिलाफ थाना स्तर पर प्राप्त होने वाले प्रार्थना पत्रों का निर्धारित समयावधि में निस्तारण नहीं करने, पीड़ितों की शिकायतों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं करने और कार्य सरकार में रुचि नहीं लेने के आरोप प्रथम दृष्टया सामने आए हैं। इसके अलावा उनके ऊपर पदीय दायित्वों और कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता, स्वेच्छाचारिता तथा अकर्मण्यता बरतने के गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। इन आरोपों को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने 21 अगस्त 2026 को उप निरीक्षक संजय सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश दिए। साथ ही उनके विरुद्ध नियमानुसार विभागीय कार्यवाही संस्थित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
पुलिसकर्मियों को दी गई सख्त चेतावनी
एसएसपी ने जनपद के सभी पुलिसकर्मियों को अपने पदीय दायित्वों का पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं। स्पष्ट किया गया है कि कर्तव्य के प्रति लापरवाही, अनुशासनहीनता, स्वेच्छाचारिता अथवा अकर्मण्यता सामने आने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ नियमानुसार कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के लिए सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।
