आजमगढ़। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा-2025 (पीईटी) का आयोजन दूसरे दिन भी जनपद के 26 परीक्षा केन्द्रों पर सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। परीक्षा में दोनों पालियों में कुल 4,693 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार दो दिनों में चार पालियों में कुल 9,613 अभ्यर्थी परीक्षा में अनुपस्थित रहे।
पहले दिन प्रथम पाली में 2,414 अभ्यर्थी और द्वितीय पाली में 2,506 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दूसरे दिन रविवार को पहली पाली में 2,401 और दूसरी पाली में 2,293 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। कुल मिलाकर दोनों दिनों में उपस्थित और अनुपस्थित परीक्षार्थियों की संख्या इस प्रकार रही कि परीक्षा प्रशासनिक दृष्टि से पूरी तरह व्यवस्थित रही।
गौरतलब है कि जनपद के सभी 26 केन्द्रों पर चार पालियों में परीक्षा संपन्न कराई गई, जिसमें कुल 48,384 परीक्षार्थी (प्रत्येक पाली में 12,096) शामिल थे। परीक्षा की निगरानी हेतु 26 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 26 स्टैटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए थे। जबकि अतिरिक्त 10 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 9 स्टैटिक मजिस्ट्रेट रिजर्व रखे गए थे। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में जिला परीक्षा कंट्रोल रूम स्थापित किया गया था। परीक्षा सकुशल सम्पन्न होने पर अधिकारियों ने राहत की सांस ली
