
रिपोर्ट____SP त्रिपाठी
आजमगढ़। जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के सठियांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के समीप आजमगढ़-मऊ स्टेट हाइवे पर स्टंटबाजी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में तीन काले रंग के चार पहिया वाहनों पर सवार युवक सड़क पर जाम लगाकर खतरनाक स्टंट करते नजर आ रहे हैं, जिससे जाम के साथ ही राहगीरों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया। पुलिस वाहनों को चिन्हित करने में जुट गई है।वायरल वीडियो में देखा जा रहा कि एक ब्लैक कलर की थार व दो स्कार्पियो आजमगढ़-मऊ स्टेट हाइवे पर सठियांव के पास रॉन्ग साइड पर खड़ी है। गाड़ी के सनरूफ से निकलकर सीट पर खड़े कुछ युवक भी दिख रहे हैं। इसके बाद युवक ड्रोन कैमरे से वीडियो बना रहे हैं। वीडियो में दिखाई पड़ रहा कि युवक सांप की चाल में गाड़ी चला रहे हैं। वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने तत्काल थाना प्रभारी मुबारकपुर शशिमौली पांडेय को निर्देशित किया है कि वीडियो में दिख रहे वाहनों और युवकों की पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि इस तरह की लापरवाही और जानलेवा स्टंटबाजी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जल्द ही संबंधित आरोपियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। आपको बता दे कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का तत्काल संज्ञान लेते हुए थाना मुबारकपुर पुलिस द्वारा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर यातायात बाधित कर जनसुरक्षा को खतरे में डालने वाले 05 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। घटना में प्रयुक्त वाहन को भी धारा 207 एमवी एक्ट के अंतर्गत सीज कर विधिक कार्रवाई की गई है। प्रकरण के अनुसार सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हो रहा था, जिसमें कुछ युवक पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर वाहन के सामने खड़े होकर फोटो/वीडियो बना रहे थे, जिससे एक्सप्रेसवे पर आवागमन बाधित हो रहा था और अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा पर खतरा उत्पन्न हो रहा था। इस गंभीर प्रकरण पर पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के निर्देशानुसार थाना मुबारकपुर पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए वीडियो के आधार पर अभियुक्तों की पहचान सुनिश्चित कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। वहीं पुलिस ने अम्मान पुत्र जमीरुलहसन उम्र उम्र 19 वर्ष, निवासी पुरारानी, थाना मुबारकपुर, नावेद पुत्र वसीम उम्र 20 वर्ष, निवासी पुरारानी, थाना मुबारकपुर, अनवर पुत्र मकबूल अहमद उम्र 27 वर्ष निवासी पुरारानी, थाना मुबारकपुरराहत अली पुत्र बदरुद्दीन (उम्र 25 वर्ष), निवासी पुरारानी, थाना मुबारकपुर और दानिश पुत्र शमशाद उम्र 19 वर्ष निवासी पुरारानी, थाना मुबारकपुर को गिरफ्तार किया है।
