जौनपुर। जिले के शहर कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला बलोच टोला में सोमवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब एक व्यक्ति ने घरेलू विवाद के दौरान अपनी पत्नी की चाकू मारकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान सीमा अंसारी (50 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मोहम्मद रुस्तम के साथ पति-पत्नी के रूप में रह रही थी। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका के बेटे जावेद की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी मोहम्मद रुस्तम के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

सीओ सिटी देवेश सिंह ने बताया कि मृतका सीमा अंसारी और आरोपी मोहम्मद रुस्तम लंबे समय से बलोच टोला मोहल्ले में साथ रह रहे थे। मोहम्मद रुस्तम पेशे से एक पेंटर है। उनके बीच अक्सर घरेलू विवाद होते रहते थे। सोमवार की रात भी किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। इसी दौरान गुस्से में आकर मोहम्मद रुस्तम ने घर में रखे चाकू से सीमा पर ताबड़तोड़ वार कर दिया।

घटना की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और लहूलुहान अवस्था में सीमा को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर सीमा का बेटा जावेद कोतवाली थाने पहुंचा और पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। जावेद की तहरीर पर पुलिस ने तत्काल हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना की जानकारी मिलते ही शहर कोतवाल मिथिलेश कुमार मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और हत्या की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है।

सीओ सिटी देवेश सिंह ने बताया कि आरोपी मोहम्मद रुस्तम की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रथम दृष्टया यह मामला पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद का प्रतीत होता है, लेकिन जांच में तथ्य पूरी तरह से स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल, मोहम्मद रुस्तम फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयासरत है।

चर्चा है कि सीमा और रुस्तम कानूनी रूप से पति-पत्नी नहीं थे, लेकिन लंबे समय से साथ रह रहे थे। मोहल्ले में भी दोनों को पति-पत्नी के रूप में ही जाना जाता था। पुलिस भी इस पहलू की जांच कर रही है कि दोनों के संबंध वैवाहिक थे या लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे।

इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद मोहल्ले में सन्नाटा पसरा हुआ है। लोगों में गम और आक्रोश का माहौल है। वहीं, सीमा की मौत से उसके परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। पुलिस सभी पहलुओं पर  जांच कर रही है ।