रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़।  समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष पप्पू यादव एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। भाजपा के जिला उपाध्यक्ष हरिवंश मिश्र द्वारा धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाए जाने के बाद कंधरापुर थाने में उनके खिलाफ सुसंगत  धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

हरिवंश मिश्र ने थानाध्यक्ष कंधरापुर को  एक तहरीर  सौंपते हुए आरोप लगाया कि पप्पू यादव ने भगवान श्री गणेश जी के आह्वान मंत्र का गलत उच्चारण किया और उसके साथ ही अपशब्दों का प्रयोग करते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया। इस कृत्य से हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। भाजपा नेता का कहना है कि यह कोई पहली बार नहीं है जब पप्पू यादव ने धार्मिक रीति-रिवाजों और पूजा-पद्धतियों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की है। इससे पहले भी वे ऐसे मामलों में जेल जा चुके हैं। हरिवंश मिश्र ने मांग की कि ऐसे लोगों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि कोई भी व्यक्ति धर्म, संस्कृति और आस्था से खिलवाड़ न कर सके।

शिकायत में मिश्र ने यह भी बताया कि पप्पू यादव की ओर से साझा किया गया आपत्तिजनक वीडियो आम जनता की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है, और इससे साम्प्रदायिक तनाव भी उत्पन्न हो सकता है।

एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि कंधरापुर थाना  के हरिहरपुर गांव निवासी पप्पू यादव ने सोशल मीडिया के X प्लेटफार्म पर भगवान गणेश जी के आह्वान मंत्र को गलत तरीके से बोलकर हिंदू धर्म का अपमान करने व धार्मिक भावनावों को आहत करने के आरोप में विस्तृत तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया हैं।