रिपोर्ट: आशीष निषाद

आजमगढ़ । जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत दशांव गांव के पास स्थित हाईवे पर  उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गांजा तस्करी की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर बाइक सवार तस्करों ने अचानक फायरिंग कर दी। घटना दोपहर करीब दो बजे की है, जब सात युवक हाईवे किनारे संदिग्ध स्थिति में टहलते देखे गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस मौके पर पहुंची, तभी तस्करों ने पुलिस पर छह राउंड फायरिंग कर दी और भागने लगे।

फायरिंग की आवाज से क्षेत्र में दहशत फैल गई। आसपास के लोग डर के मारे अपने घरों में दुबक गए और कोई कुछ बताने को तैयार नहीं था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तस्करों की संख्या सात के करीब थी। पुलिस को देखकर वे घबरा गए और भागते समय अंधाधुंध गोलियां चलाने लगे। भागते समय एक तस्कर की बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया, जिससे वह बीच रास्ते में ही बंद हो गई। मजबूरन तस्कर बाइक छोड़कर पैदल ही फरार हो गए। पुलिस ने बाइक को जब्त कर लिया है और थाने ले आई है। मौके पर कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन घटना के बाद से ग्रामीणों में डर बना हुआ है।

एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने  बताया कि पुलिस को पहले से सूचना थी कि कुछ अपराधी गांजा तस्करी की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार्रवाई की, लेकिन तस्कर पुलिस पर गोलियां चलाते हुए फरार हो गए।

उन्होंने कहा कि तस्करों की पहचान की जा रही है और उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, बरामद बाइक को पुलिस ने सुराग के तौर पर कब्जे में ले लिया है, जिससे तस्करों तक पहुंचने में मदद मिलेगी।