रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के सरायमीर थाना पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित अपराधी सूरज सोनी पुत्र शेषनाथ सोनी, निवासी भेड़िया थाना फूलपुर, को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सोमवार की देर शाम को करछा बॉर्डर के पास से गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त के विरुद्ध गैंगेस्टर एक्ट के तहत पहले से ही अभियोग पंजीकृत था।
बीते 30 जून 2025 को सरायमीर थाना क्षेत्र निवासी रामदरश उर्फ देवा पुत्र स्व. रविशंकर के खिलाफ संगठित अपराधों में संलिप्तता के आरोप में गैंगचार्ट स्वीकृत किया गया था। वह अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर धोखाधड़ी और टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम देता था। ये गिरोह मोटरसाइकिल की नंबर प्लेटों से छेड़छाड़ कर अधेड़ उम्र की महिलाओं को झांसे में लेकर रूमाल में कागज की गड्डी को नोटों की गड्डी बताकर उनके गहने उतरवा लेता था। गिरोह की गतिविधियां जनपद में सक्रिय थीं, जिससे आम जनता में भय व असुरक्षा का माहौल बना हुआ था। इस संगठित आपराधिक गिरोह में कुल छह अभियुक्त रामदरश उर्फ देवा, विजयभान पुत्र बहादुर राम, दिलीप कुमार उर्फ सोनू निवासीगण पारा, थाना सरायमीर, रोशन उर्फ उजागिर निवासी सिंगारपुर थाना दीदारगंज, मोहम्मद दानिश, सिरसाल थाना रानी की सराय, सूरज सोनी, भेड़िया थाना फूलपुर शामिल थे।
प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए सूरज सोनी को गिरफ्तार किया। अभियुक्त की गिरफ्तारी के बाद पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है और अन्य वांछित अभियुक्तों की तलाश भी तेज कर दी गई है।
