आजमगढ़ । जिले के पवई थाना क्षेत्र अंतर्गत सरायपुल ढाबा के पास बृहस्पतिवार को  एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक 55 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई।  बताया जा रहा है कि  वृद्ध व्यक्ति सड़क किनारे पैदल चल रहा था, तभी किसी अज्ञात वाहन ने तेज रफ्तार से टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और पवई पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार मिश्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

अब तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस द्वारा आसपास के थानों को सूचना भेज दी गई है ताकि मृतक की पहचान हो सके। इसके साथ ही पुलिस ने घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान की जा सके।


थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार मिश्र ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हिट एंड रन का लग रहा है। वाहन चालक की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।