आजमगढ़। जिलाधिकारी के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गंभीर सिंह ने मंगलवार को नगर पंचायत फूलपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी विक्रय कुमार, लिपिक रमेश श्रीवास्तव, टैक्स कलेक्टर सुजीत यादव, लाइनमैन सुनील रावत व कंप्यूटर ऑपरेटर आशीष कुमार मौके पर उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था बेहद खराब मिली। पशु चिकित्साधिकारी कार्यालय के पास मुख्य सड़क किनारे कूड़े का ढेर मिला, जिसे अपर जिलाधिकारी ने तत्काल हटवाया। उन्होंने निर्देशित किया कि नगर के प्रमुख मार्गों की तुरंत सफाई सुनिश्चित कराई जाए।
फैमिली आईडी योजना के अंतर्गत फूलपुर नगर पंचायत में निर्धारित 1074 परिवारों के लक्ष्य के सापेक्ष केवल 27 परिवारों के आवेदन पाए गए। इसपर अपर जिलाधिकारी ने गहरी नाराज़गी जताई और एक सप्ताह के भीतर लक्ष्य पूर्ण कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्टाफ बढ़ाकर टीम गठित करने को भी कहा।
निरीक्षण के दौरान स्टोर रूम में वर्षों से अनुपयोगी पड़ी पुरानी लाइटें और अन्य सामग्री मिली। अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जो सामग्री भविष्य में उपयोग में नहीं लाई जानी है, उसकी नियमानुसार नीलामी कराकर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
वार्ड संख्या 01 में कूवर नदी के किनारे सामुदायिक भवन के निरीक्षण में पाया गया कि भवन के पीछे से लेकर सामने की सड़क तक इंटरलॉकिंग और रिटेनिंग वॉल बनवाना आवश्यक है। इस पर प्रस्ताव तैयार कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। कार्यालय में साफ-सफाई और फाइलों का रख-रखाव संतोषजनक मिला।
