रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के रौनापार थाना क्षेत्र के छपरा चांदपट्टी गांव में बुधवार को एक हृदयविदारक हादसे में वृद्ध की खेत में ही करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान लालधर यादव (उम्र लगभग 60 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय अलगू यादव के रूप में हुई है।

मृतक की पत्नी कमलावती देवी ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उनके पति दोपहर करीब 12 बजे खेत में मेड बांधने के लिए घर से निकले थे। उसी दौरान अचानक बारिश शुरू हो गई। बारिश के कारण खेत की मिट्टी गीली हो गई और फिसलन बढ़ गई। इसी दौरान खेत से बाहर निकलते समय उनका हाथ स्टे वायर (बिजली के खंभे को थामने वाली तार) से छू गया। तार में करंट प्रवाहित हो रहा था, जिससे उन्हें जोरदार झटका लगा और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही परिवार वाले भागकर खेत पहुंचे। कमलावती देवी ने बताया कि जब वह मौके पर पहुंचीं तो उनके पति मृत अवस्था में पड़े थे। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।