रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र के  हिरापट्टी में मानवता को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवती और उसकी भान्जी के साथ न सिर्फ मारपीट की गई, बल्कि उनके कपड़े फाड़कर सार्वजनिक रूप से उन्हें अपमानित किया गया। इस मामले में पीड़िता द्वारा सदर कोतवाली में गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

जहानागंज थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता  जो शहर में ही रहती है, ने अपनी तहरीर में बताया कि वह और उसकी भान्जी प्रतिदिन पढ़ाई के लिए एक लाइब्रेरी जाती थीं। वहीं पढ़ाई करने वाला प्रदुम्न सिंह, जो हिरापट्टी का ही रहने वाला है, काफी समय से उनका पीछा कर रहा था और लगातार अश्लील टिप्पणियां करता था। 24 जुलाई की शाम करीब 6:30 बजे प्रदुम्न ने एक बार फिर शर्मनाक हरकत करते हुए अश्लील बातें कहीं और भान्जी के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया।

जब पीड़िता ने इसका विरोध किया तो प्रदुम्न आपा खो बैठा और युवती व उसकी भान्जी के साथ बेरहमी से मारपीट करने लगा। हद तो तब हो गई जब उसने युवती के कपड़े फाड़ दिए, जिससे वह अर्धनग्न हो गई। पीड़िता ने बताया कि वह इस हालत में बेहद डर और सदमे में आ गई।

पीड़िता के अनुसार, थोड़ी ही देर में प्रदुम्न के पिता  अपने 3-4 लोग लाठी-डंडों से लैस होकर पहुंचे और उन्होंने भी दोनों की पिटाई की। पीड़िता के मुताबिक, अन्य हमलावरों के नाम और पते वह नहीं जानतीं।

घटना की जानकारी मिलने पर सदर कोतवाली पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए तत्काल पीड़िता की तहरीर के आधार पर प्रदुम्न सिंह, प्रदुम्न के पिता और अन्य 3–4 अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध  संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।