आजमगढ़।राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, आजमगढ़ में शुक्रवार को इन्स्पायर अवार्ड मानक योजनान्तर्गत सत्र 2023-24 एवं 2024-25 की जनपद स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में आजमगढ़, बलिया और मऊ जनपदों से चयनित कुल 226 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

छात्रों ने अपनी रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच का प्रदर्शन करते हुए ड्राइवर स्लिप कंट्रोल सिस्टम, मल्टीपरपज वॉकर, वूमेन डिफेन्स सैंडल, ऑटोमैटिक ट्रैफिक स्पाइक, वॉइस एक्टिवेटेड गार्ड डोर, जैसी इनोवेटिव परियोजनाएं प्रस्तुत कीं।

प्रदर्शनी में जिला विकास अधिकारी ने जिलाधिकारी की ओर से प्रतिनिधित्व किया। साथ ही, संयुक्त शिक्षा निदेशक आजमगढ़ मंडल, राष्ट्रीय नवप्रवर्तन प्रतिष्ठान (DST), जिला विद्यालय निरीक्षक और अन्य प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती शमा शेख, प्रवक्ता, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज ने किया।

सत्र 2023-24 में आजमगढ़ के स्वरित कुमार सिंह ने सोलर पावर रोबोट, बलिया के अथर्व मिश्रा ने फोल्डेबल स्वॉर्ड विद जीपीएस ट्रैकर, और मऊ के देवस्य ने रेनी वेदर सूट का प्रदर्शन किया।

वहीं सत्र 2024-25 में आजमगढ़ से हिमांशु मौर्या ने वॉइस एक्टिवेटेड गार्ड डोर, बलिया से शौर्य प्रताप विशेन ने इलेक्ट्रोस्टेप डिफेंस फार वूमेन, आदित्य पांडेय ने ऑटोमैटिक स्पाइक फॉर ट्रैफिक, रितु कुमारी ने वैक्यूम स्ट्रीट क्लीनिंग मशीन, और मऊ के अक्ष राज व लव कुमार ने भी स्मार्ट प्रोजेक्ट्स प्रस्तुत किए।