रिपोर्ट: अरुण यादव

आज़मगढ़। जिले के थाना निजामाबाद की पुलिस ने एक शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।

पीड़िता ने  26 जुलाई को थाना निजामाबाद पर एक प्रार्थना पत्र देकर बताया कि अभियुक्त अंकित यादव उर्फ अनिकेत पुत्र अच्छेलाल यादव निवासी फरीदाबाद, थाना निजामाबाद, बीते लगभग चार वर्षों से उसे शादी का झांसा देकर लगातार शारीरिक संबंध बना रहा था। जब पीड़िता ने उससे विवाह की बात कही तो अभियुक्त ने उसे गाली-गलौज करते हुए शादी से साफ इनकार कर दिया और रास्ते में आते-जाते उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगा।

थाना पुलिस द्वारा प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए अभियुक्त के खिलाफ  धारा 69, 351(3) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। इसकी विवेचना उपनिरीक्षक शुभम त्रिपाठी को सौंपी गई।

आज रविवार को उपनिरीक्षक शुभम त्रिपाठी मय हमराह टीम के साथ परसहा अंडरपास के पास पहुंचे और लगभग 10:20 बजे अभियुक्त अंकित यादव को गिरफ्तार कर लिया। उसे विधिसम्मत तरीके से न्यायिक अभिरक्षा में भेजते हुए चालान मा0 न्यायालय को प्रेषित किया गया है।