रिपोर्ट: आशीष निषाद
अतरौलिया (आजमगढ़)। अतरौलिया थाना क्षेत्र के बांसगांव में मंगलवार रात एक हृदय विदारक घटना सामने आई। पारिवारिक कलह और मानसिक तनाव से जूझ रहे 22 वर्षीय युवक राहुल अग्रहरि ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। वह पान की गुमटी चला कर परिवार का भरण-पोषण करता था और अपने तीन भाइयों तथा एक बहन में सबसे बड़ा था।
मंगलवार रात राहुल भोजन करने के बाद पड़ोसी अवनीश मिश्रा के घर सोने गया था। सुबह करीब 7 बजे जब उसके पिता विजय अग्रहरि ने कई बार कॉल किया लेकिन जवाब नहीं मिला, तो वे चिंतित हो उठे। करीब 8 बजे वह चारदीवारी फांदकर घर में दाखिल हुए और खिड़की से झांकने पर देखा कि राहुल पंखे से चादर के सहारे लटका हुआ है। सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
राहुल के अचानक उठाए गए इस कदम से पूरा गांव शोक में डूब गया है। ग्रामीणों के अनुसार वह बीते कुछ दिनों से गहरे मानसिक तनाव और घरेलू कलह का शिकार था, लेकिन किसी ने यह कल्पना भी नहीं की थी कि वह ऐसा दर्दनाक कदम उठा लेगा। मां प्रमिला बेसुध हैं और पूरे गांव में मातम पसरा है। पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी है और आत्महत्या के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है।
