आज़मगढ़। गोरखपुर की नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की टीम ने बुधवार शाम एक बड़ी कार्रवाई की। टीम ने बलरामपुर क्षेत्र से एक व्यक्ति को पकड़ा और उसके कमरे से बड़ी मात्रा में सरकारी दवाएं बरामद कीं। पकड़ा गया व्यक्ति प्रमोद सिंह है, जो आजमगढ़ जिले के नुरुद्दीनपुर गांव, थाना जीयनपुर का रहने वाला है।

प्रमोद सिंह मंडलीय अस्पताल से दवाएं निकालकर बाजार में बेचता था। पूछताछ में उसने बताया कि उसे यह दवाएं अस्पताल के कुछ कर्मचारियों से मिलती थीं। एनसीबी को सूचना मिली थी कि वह व्यक्ति सरकारी दवाओं की अवैध बिक्री में शामिल है। सूचना के आधार पर एनसीबी गोरखपुर के निरीक्षक मोहन कुमार के नेतृत्व में टीम ने छापा मारा।
इस कार्रवाई में आजमगढ़ की ड्रग्स निरीक्षक सीमा वर्मा और नगर कोतवाली पुलिस भी शामिल रही। छापेमारी के दौरान बलरामपुर में प्रमोद सिंह के किराए के कमरे से कई प्रकार की सरकारी दवाएं मिलीं।
ड्रग्स निरीक्षक सीमा वर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि अस्पताल के किन कर्मचारियों की इसमें संलिप्तता है। दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
