आजमगढ़। पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर अटेवा संगठन के बैनर तले शुक्रवार को गांधी तिराहा से कलेक्ट्रेट तक जोरदार पैदल रोष मार्च निकाला गया। यह मार्च एनपीएस, यूपीएस, निजीकरण और विद्यालय मर्जर के खिलाफ था।
अटेवा के मंडलीय मंत्री राजेश सिंह और सुभाष चंद्र यादव के नेतृत्व में निकले इस मार्च में जिले भर के शिक्षक, कर्मचारी और अधिकारी शामिल हुए। मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों ने रैदोपुर चौराहा होते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
कार्यक्रम में माध्यमिक शिक्षक संघ एकजुट के जिला अध्यक्ष सुशील कुमार, ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सीपी यादव, चिकित्सा सेवा संघ, टीएससीटी, विद्युत, सिंचाई, पीडब्ल्यूडी, दीवानी न्यायालय, प्राथमिक व उच्च शिक्षा से जुड़े संगठन शामिल रहे।
सीपी यादव ने बताया कि यदि सरकार ने पुरानी पेंशन बहाल नहीं की, तो 5 सितंबर शिक्षक दिवस पर सामूहिक उपवास किया जाएगा। अटेवा के जिला मीडिया प्रभारी नवल किशोर ने बताया कि 1 अक्टूबर को सोशल मीडिया कैंपेन चलेगा, और 25 नवंबर को दिल्ली में बड़ा आंदोलन होगा।
जिलाध्यक्ष सुभाष चंद्र यादव ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जब तक मांगें नहीं मानी जातीं, संघर्ष जारी रहेगा। कार्यक्रम में राम रतन यादव, डॉ. विनय कुमार सिंह, रण विजय, अंजनी तिवारी, दुर्गेश श्रीवास्तव, राम उजागर शुक्ला, रामअवध यादव, बिरजू सरोज, मनोज द्विवेदी, सुरेंद्र यादव, ओपी मौर्य समेत सैकड़ों शिक्षक और कर्मचारी शामिल हुए।
