रिपोर्ट: आशीष निषाद
अतरौलिया (आज़मगढ़)। प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर अवैध वसूली के मामले में अतरौलिया ब्लॉक के ग्राम विकास अधिकारी और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि के खिलाफ भ्रष्टाचार का मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई एक वायरल वीडियो के आधार पर की गई, जिसे पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने भी गंभीरता से लिया और विभागीय जांच के निर्देश दिए।
मामला तब सामने आया जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में साफ था कि पात्र लाभार्थियों से आवास योजना का पैसा दिलाने के बदले रिश्वत मांगी जा रही है। वीडियो देखने के बाद खंड विकास अधिकारी सागर सिंह ने जांच शुरू की।
जांच जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला विकास अधिकारी ने की। जांच में पाया गया कि ग्राम विकास अधिकारी राजेश कुमार यादव और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सन्नी कुमार ने लाभार्थियों से पैसे लिए हैं। गांव के कई लोगों के बयान भी दर्ज किए गए, जिनमें साफ हुआ कि योजना का लाभ देने के नाम पर पैसे वसूले गए।
इसके बाद खंड विकास अधिकारी ने थाने में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर अतरौलिया थाना में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 और 13 के तहत मुकदमा दर्ज हुआ।
गौर करने वाली बात यह है कि दो दिन पहले ग्राम प्रधान संघ ने ब्लॉक मुख्यालय पर दोषियों के बचाव में प्रदर्शन किया था। लेकिन जांच में सच्चाई सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया और एफआईआर दर्ज कर ली ।
वही प्रदेश के पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि पात्रों को योजना का लाभ दिलाना सरकार की प्राथमिकता है और भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन की इस कार्रवाई की तारीफ की है और उम्मीद जताई है कि आगे भी ऐसा ही सख्त कार्रवाई की जाएगी।
