रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ़। जिले के थाना जीयनपुर क्षेत्र के अमुवारी नरायनपुर गांव निवासी अमरनाथ सिंह के साथ साइबर ठगी की गई। उन्हें एक अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल नंबर 99xxxxxxxx से फोन किया और खुद को उनका भतीजा बताकर बात की। बातों में फंसाकर उसने अमरनाथ सिंह से अपने खाते में कुल 18,000 रुपये मंगा लिए। जब अमरनाथ सिंह को पता चला कि उनके साथ धोखा हुआ है, तो उन्होंने यह जानकारी अपने असली भतीजे अभिषेक सिंह को दी। इसके बाद अभिषेक सिंह ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करके इसकी शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही जीयनपुर थाना के कांस्टेबल शहादत अंसारी ने मामले की जांच शुरू की। जांच के बाद कार्रवाई करते हुए उन्होंने अमरनाथ सिंह के खाते में 18,000 में से 7,000 रुपये वापस दिलवा दिए। यह पैसा 6 अगस्त 2025 को उनके खाते में वापस आ गया।पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल या व्यक्ति की बातों में न आएं, और कोई भी बैंक या पैसों से जुड़ी जानकारी किसी को न दें। अगर कभी ठगी हो जाए तो तुरंत 1930 नंबर पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते मदद मिल सके।
