आजमगढ़। स्नेह, सुरक्षा और विश्वास का पर्व रक्षाबंधन आज मनाया जाएगा। सुबह पांच बजकर 46 मिनट से दोपहर एक बजकर 26 मिनट तक राखी बांधने का शुभ मुहूर्त है। रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर बाजार में रौनक रही। शुक्रवार को राखी, कपड़े और अन्य सामान की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ रही। बहनों ने मनपसंद राखियां खरीदीं, तो भाइयों ने उपहार खरीदे। पर्व के लिए घरेलू जरूरत और मेहमानों की खातिर के सामान की भी खरीद हुई। महिलाओं ने बच्चों के लिए कपड़े खरीदे। जनरल स्टोर पर सेवईं, नारियल का गोला, चीनी, बूरा आदि की खरीदारी हुई। हलवाई की दुकानों पर घेवर, फैनी और अन्य मिठाइयों की मांग बढ़ गई। छोटे भाई-बहनों के लिए चॉकलेट पैक की बिक्री हुई। सराफा बाजार में चांदी की राखी पसंद की जा रही है।

   पंडित नीतेश मिश्रा, ज्योतिषाचार्य  पंचांग के अनुसार रक्षाबंधन सावन पूर्णिमा तिथि को भद्रा रहित काल में मनाया जाता है। इस वर्ष सावन पूर्णिमा की तिथि आठ अगस्त दोपहर 2:14 से शुरू होकर नौ अगस्त दोपहर 1:26 पर समाप्त होगी। उदयातिथि के अनुसार रक्षाबंधन 09 अगस्त को मनाया जाएगा। इस दिन सुबह 5:46 से दोपहर 1:26 तक राखी बांधने का शुभ समय रहेगा।