रिपोर्ट: आशीष निषाद


अतरौलिया, आज़मगढ़। जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव में शनिवार को 7 वर्षीय बालिका अन्नया गौड़ की सर्पदंश से मौत हो गई। वह घर के बरामदे में खेल रही थी। बरामदे का फर्श मिट्टी का था और उसमें सांप का बिल था। खेलते-खेलते जब अन्नया उस ओर पहुंची, तो बिल से निकले सांप ने उसके पैर में काट लिया और पुनः बिल में छुप गया। रोते हुए अन्नया ने यह बात मां को बताई। परिजन और पड़ोसी तत्काल उसे अतरौलिया स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।


सूचना पर ग्रामीणों ने बरामदे में सांप की तलाश की और एक बिल में छुपा पाया। सांप पकड़ने वाले को बुलाकर उसे पकड़ लिया गया। सपेरे ने बताया कि यह एक जवान नागिन थी। मृतका अन्नया अपने भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। पिता सत्यम गौड़ दिल्ली में रहकर श्रमिक का कार्य करते हैं।