आजमगढ़।  जिलाधिकारी  रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में, पुलिस अधीक्षक  हेमराज मीना की उपस्थिति में, कलेक्ट्रेट सभागार में आगामी 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस को हर्षोल्लास के साथ मनाने के संबंध में जनपद स्तरीय अधिकारियों की बैठक हुई।

ध्वजारोहण और शिक्षण संस्थाओं के कार्यक्रम

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि 15 अगस्त को प्रातः 08ः00 बजे जिला, तहसील, ब्लॉक, नगर निकाय, सरकारी तथा गैर-सरकारी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज में पुष्पों की पंखुड़ियां बांधकर फहराया जाये।
समस्त शिक्षण संस्थाओं में राष्ट्रगान “जन गण मन” का सामूहिक गायन, स्वतंत्रता संग्राम का इतिहास, शहीद देशभक्तों के प्रेरक प्रसंग, नाटक, विचार गोष्ठी, वाद-विवाद, प्रदर्शनी, निबंध लेखन एवं खेल प्रतियोगिताएं आयोजित हों।

वीरों का सम्मान और सांस्कृतिक कार्यक्रम

जनपद स्तरीय स्वाधीनता दिवस कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, सशस्त्र सेना, पैरामिलिट्री बल, पुलिस बल के पुरस्कृत वीरों, शहीदों के आश्रितों, पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया जाये।
15 अगस्त तक पुलिस बैण्ड द्वारा देशभक्ति गीतों का वादन कराया जाये।‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर देश की विरासत और विविधता प्रदर्शित हो।

हर घर तिरंगा और वृक्षारोपण अभियान

हर घर तिरंगा’अभियान के तहत प्रत्येक आवास, व्यापारिक प्रतिष्ठान, औद्योगिक इकाइयों, सरकारी व गैर-सरकारी भवनों पर राष्ट्रध्वज फहराया जाये। 15 अगस्त को वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाये।
आजादी का अमृत महोत्सव अंतर्गत विकास प्रदर्शनी लगाकर जनपद की स्वतंत्रता के बाद की उपलब्धियां दर्शायी जाएं।

जनसभा और ऐतिहासिक स्थलों की महत्ता

अपरान्ह किसी सार्वजनिक स्थान पर जनसभा का आयोजन हो, जिसमें स्वतंत्रता की वर्षगांठ पर बलिदानियों के संघर्ष और स्वाधीनता की रक्षा व सामाजिक-आर्थिक विकास में नई पीढ़ी की भूमिका बताई जाये।
सभी समुदायों के महापुरुषों की एकता, सद्भाव और भाईचारे की प्रेरणा को याद किया जाये।

स्वच्छता, सजावट और रोशनी की व्यवस्था

नगर पालिका परिषद, जिला पंचायत राज अधिकारी व नगरपालिका/नगर पंचायत को साफ-सफाई, चूना छिड़काव, शहीद स्तंभ, महापुरुषों की मूर्तियों की सफाई, चौराहों पर रोशनी व माल्यार्पण कराने के निर्देश दिये गये।
शहर को जोड़ने वाले मार्गों की सफाई, हरिऔध कला केन्द्र के पास मोबाइल टॉयलेट और पानी टैंकर की व्यवस्था की जाये।
13, 14 और 15 अगस्त की रात में सरकारी भवन, अन्य इमारतें और स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्मारक रोशन किये जायें।

सभी कार्यालय और संस्थान खुले रहें

15 अगस्त को सभी कार्यालय, अर्द्ध-सरकारी, निजी संस्थान और विद्यालय खुले रहेंगे। राष्ट्रगान के साथ ध्वजारोहण कार्यक्रम त्यौहार के माहौल में मनाया जाये।
नगरपालिका चौराहों से पोस्टर-बैनर हटाकर तिरंगा झंडा लगाया जाये। स्वास्थ्य विभाग हरिऔध कला केन्द्र पर चिकित्सकीय दल व एम्बुलेंस तैनात करे।

सम्मान और सतर्कता के निर्देश

सभी विभाग अपने तीन अच्छे कर्मचारियों के नाम दें, जिनमें से एक को 15 अगस्त को सम्मानित किया जायेगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि झंडारोहण में किसी गलती या गलत झंडा फहराने की सूचना पर कठोर कार्रवाई की जायेगी।
मुख्य विकास अधिकारी  परीक्षित खटाना, अपर जिलाधिकारी प्रशासन  राहुल विश्वकर्मा, मुख्य राजस्व अधिकारी  संजीव ओझा, मुख्य कोषाधिकारी श्री अनुरोग श्रीवास्तव, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, डीसी मनरेगा  रामउदरेज यादव, डीआईओएस, बीएस, उपायुक्त उद्योग सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।