रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ़। जिले थाना बरदह क्षेत्र में चोरी के आभूषण और अवैध असलहा के साथ दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
बीते 3 मई की रात छत्तरपुर निवासी श्यामबिहारी सरोज के घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने आलमारी व बक्सा का ताला तोड़कर कान के टब्स, अंगूठी, पायल, कड़ी, सोने की लाकीट, मीना, ज्युतिया तथा ₹20,000 नगद समेत लगभग ₹1,40,000 मूल्य का माल चोरी कर लिया। चोर बक्से को घर से लगभग एक किलोमीटर दूर तोड़कर फेंक गए थे। इस संबंध में वादी ने थाना बरदह पर मुकदमा दर्ज कराया।
विवेचना के दौरान बुधवार को उ0नि0 अम्बुज कुमार राही व टीम ने सोहौली गांव के पास से अभियुक्त जय सिंह उर्फ गोलू पुत्र दुर्बली और लालचन्द्र उर्फ डुर्रू पुत्र रामकेश, दोनों निवासी बस्ती कपूरी थाना दीदारगंज, को गिरफ्तार किया। तलाशी में उनके पास से एक जोड़ी पायल सफेद धातु, तीन घुघरू, छह फूलदार नक्काशी, तीन रिंग, चार जोड़ी मीना, दो अंगूठी पीली धातु, एक मंगलसूत्र, एक जोड़ी झुमका पीली धातु, एक तमंचा .315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई। साथ ही अभियुक्त जय सिंह के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया।
