
आज़मगढ़। शिब्ली नेशनल कॉलेज में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस बड़े हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। प्रातः 8 बजे महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अफसर अली ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर सभी उपस्थितजन ने राष्ट्रगान गाया और देशभक्ति की भावना का परिचय दिया।
ध्वजारोहण के बाद प्रो. अल्ताफ अहमद ने उच्च शिक्षा निदेशक, प्रयागराज द्वारा भेजे गए संदेश का वाचन किया। संदेश में स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के बलिदान, शिक्षा के महत्व और युवाओं की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया।

इसके बाद प्राचार्य प्रो. अफसर अली ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक महत्व, वर्तमान समय में इसकी प्रासंगिकता और शिक्षकों, विद्यार्थियों तथा समाज के दायित्वों के बारे में बताया। उन्होंने सभी से देश की सेवा, एकता और निष्ठा बनाए रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मंच पर प्राचार्य के साथ प्रो. नफ़ीस अहमद, डॉ. आसिम ख़ान और डॉ. शफ़ीउज़्ज़मा भी उपस्थित रहे। महाविद्यालय के प्रो-क्टर प्रो. एहतेशामुल हक़, उनकी पूरी टीम, शिक्षण और अशिक्षण कर्मचारी, एन.सी.सी. कैडेट, एन.एस.एस. स्वयंसेवक एवं स्वयंसेविकाएँ भी बड़े उत्साह से शामिल हुए।
