आजमगढ़। जिले के देवगांव कोतवाली क्षेत्र के रेउसा गांव के पास गांगी नदी में सोमवार की शाम एक दुखद हादसा हुआ। गांव में श्रीकृष्ण जमाष्टमी पर राधा-कृष्ण की प्रतिमा स्थापित की गई थी और लोग उसे विसर्जन के लिए नदी के तट पर गए थे। इसी दौरान 18 वर्षीय अभिनव तिवारी, जो कक्षा 12 का छात्र था, भी नदी में प्रतिमा विसर्जन में शामिल हुआ।

प्रतिमा विसर्जन के बाद अभिनव स्नान करने के लिए नदी में गया। गहरे पानी में जाने पर वह डूबने लगा। साथ के लोग उसे बचाने की कोशिश करते रहे, लेकिन सफलता नहीं मिली। शोर सुनकर गांव के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और नदी में तलाश शुरू की। करीब आधा घंटे बाद अभिनव का शव नदी से निकाल लिया गया। घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।