आज़मगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के बद्दोपुर बाईपास पर रविवार की रात भाजपा कार्यकर्ता एवं पूर्व सांसद दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ के प्रतिनिधि रहे विनीत सिंह उर्फ रिशू के छोटे भाई पर जानलेवा हमला कर उसे मरणासन्न हालत में फेंक देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित के भाई की तहरीर पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज करते हुए मुख्य आरोपी आदित्य सिंह और प्रिंस मौर्या को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य फरार हमलावरों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बद्दोपुर गांव निवासी भाजपा कार्यकर्ता विनीत सिंह ने सोमवार को शहर कोतवाली में तहरीर दी कि 17 अगस्त की रात करीब 9 बजे उनका भाई पुनीत सिंह उर्फ आशु को सिधारी थाना क्षेत्र के जयरामपुर निवासी आदित्य सिंह उर्फ शिवा ने फोन किया। इसके बाद शाहगढ़ निवासी प्रिंस मौर्या ने भी कॉल कर पुनीत को बद्दोपुर बाईपास पर बुलाया। आरोप है कि जैसे ही पुनीत वहां पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे आदित्य सिंह, प्रिंस मौर्या और 3–4 अन्य लोग चारपहिया वाहन से पहुंचे और उसे जबरन उठा ले गए।
हमलावरों ने उसे अज्ञात स्थान पर ले जाकर असलहे के बट और लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटा। मारपीट इतनी नृशंस थी कि पुनीत बेहोश हो गया। बाद में हमलावरों ने उसे मृत समझकर बद्दोपुर बाईपास पर फेंक दिया और धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर ग्रामीणों और परिजनों ने गंभीर अवस्था में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए रेफर कर दिया। फिलहाल पुनीत एक निजी अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।
कोतवाल यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और अन्य की तलाश की जा रही है। जल्द ही सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
लगातार भाजपा नेताओं पर हमले, पुलिस पर उठ रहे सवाल
जिले में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर हमले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। बीते दिनों हुई तीन बड़ी घटनाओं ने पार्टी संगठन और समर्थकों में गहरी नाराजगी पैदा कर दी है। कार्यकर्ता पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए इसे केवल कोरम पूरा करना करार दे रहे हैं।
केस-1 : ट्रैक्टर से भाजपा नेता का घर गिराया गया
बिलरियागंज थाना क्षेत्र के भावारामपुर गांव में भाजपा नेता ओंकार गौड़ का मकान दबंगई से गिरा दिया गया। वायरल वीडियो में आरोपी जियाउद्दीन ट्रैक्टर से मकान तोड़ते हुए स्पष्ट दिखाई दे रहा है। पुलिस ने दो नामजद और 10–15 अज्ञात आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया, लेकिन कार्रवाई को लेकर सवाल बने हुए हैं।
केस-2 : आवाज उठाने पर हमला
रेस्टोरेंट संचालकों की अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ आवाज उठाने पर भाजपा नेता अरविंद गुप्ता पर हमला किया गया। व्यापारियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया, मगर पुलिस केवल मुकदमा दर्ज करने तक ही सीमित रही।
केस-3 : गाड़ी पर हमला और तोड़फोड़
24 जुलाई को शहर कोतवाली क्षेत्र के रैदोपुर कालीचौरा निवासी भाजपा किसान मोर्चा अध्यक्ष श्रीकृष्ण सिंह किशन पर ढाबे पर हमला कर दिया गया। हमलावरों ने उनकी गाड़ी पर पथराव कर शीशे तोड़ डाले। गनीमत रही कि वह बाल-बाल बच गए। पीड़ित ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी, जिस पर मुकदमा दर्ज हुआ।
