आजमगढ़। 15 अगस्त को कोयलसा क्षेत्र के मंगरुपुर प्राथमिक विद्यालय में एक वायरल वीडियो सामने आया, जिसमें शिक्षक सुनील यादव और अन्य शिक्षक छात्रों के सामने सपा प्रमुख अखिलेश यादव का गाना बजा रहे थे और बच्चों से ताली बजवाकर कार्यक्रम करवा रहे थे। इस घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल लखनऊ में बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने साथ ही जनपद के कई विकास कार्यों के प्रस्ताव भी मुख्यमंत्री को सौंपे।
मुख्यमंत्री ने वायरल वीडियो के संज्ञान में लेते हुए उच्च अधिकारियों को त्वरित एफ.आई.आर. दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इस पर आजमगढ़ के सभी कार्यकर्ताओं की ओर से प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
प्रतिनिधिमंडल ने आज़मगढ़ के तमसा नदी के तट पर इको पार्क, जेल की जमीन पर ऑडिटोरियम और पार्किंग, रेहड़ी पटरी वालों के लिए दुकान, गोपालपुर विधानसभा में तहसील, सगड़ी में सौ शैया अस्पताल, मेहनगर में स्टेडियम, लालगंज-पल्हना में कृषि विश्वविद्यालय, मुबारकपुर विधानसभा में मिनी स्टेडियम और महिला महाविद्यालय, कम्हरिया घाट से औड़िहार तक स्टेट हाइवे निर्माण और अन्य सड़क एवं पौराणिक स्थलों के जीर्णोद्धार के प्रस्ताव भी दिए।
प्रतिनिधिमंडल में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष जयनाथ सिंह और नेता सतेन्द्र राय भी शामिल थे। मुख्यमंत्री ने इन सभी प्रस्तावों पर शीघ्र कार्रवाई और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का आश्वासन दिया।
