आज़मगढ़ ।  प्रवर अधीक्षक डाकघर, आज़मगढ़ मंडल ने जानकारी दी है कि आम नागरिकों की सुविधा के लिए प्रधान डाकघर सिविल लाइन आज़मगढ़ एवं जनपद के चिन्हित उपडाकघरों में हर शनिवार आधार नामांकन एवं संशोधन विशेष कैम्प का आयोजन किया जाएगा।

इस कैम्प में नागरिकों को आधार से संबंधित सभी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसमें नया नामांकन कराने के साथ-साथ मोबाइल नंबर, पता, जन्मतिथि, फोटो आदि का अद्यतन (अपडेट) भी कराया जा सकेगा। इस सुविधा से अधिक से अधिक लोग जुड़कर लाभ उठा सकें, यही उद्देश्य है।

प्रवर अधीक्षक डाकघर आज़मगढ़ मंडल राम सिंह राणा ने बताया कि डाकघरों के आधार केंद्रों पर लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इसके तहत 23 अगस्त 2025 से प्रत्येक शनिवार सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक प्रधान डाकघर आज़मगढ़ व उन सभी उपडाकघरों में विशेष काउंटर लगाए जाएंगे, जहां आधार कार्य संचालित है।