आजमगढ़। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड के आधार पर विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में ग्रेड बी तथा रैंक 44 प्राप्त होने पर पी.ओ. नेदा ने बताया कि लक्ष्य 11034 के सापेक्ष 1293 लाभार्थियों के यहां सिस्टम स्थापित किया गया। जिलाधिकारी ने खंड एवं ग्रामवार सूची खंड विकास अधिकारियों को उपलब्ध कराने तथा योजना का प्रचार-प्रसार बढ़ाकर अधिक से अधिक लाभार्थियों को जोड़ने के निर्देश दिए।
डे एनआरएलएम योजना में जुलाई माह में सी ग्रेड प्राप्त हुआ। 7180 लक्ष्य में से 3052 समूहों का सीसीएल वितरण हुआ। जिलाधिकारी ने क्षेत्रीय प्रबंधक और बैंक प्रबंधकों को शेष पत्रावलियों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया।
जल जीवन मिशन योजना में बी ग्रेड प्राप्त हुआ और गृह जल संयोजन की प्रगति 94.04 प्रतिशत रही। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण को प्रगति बढ़ाकर अगले माह ए ग्रेड लाने हेतु कहा। फैमिली आईडी योजना में बी ग्रेड मिलने पर खंड विकास अधिकारियों से लंबित आवेदन की जानकारी ली गई और प्रतिदिन 100 आवेदन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
15वां एवं 5वां वित्त आयोग की समीक्षा में बी ग्रेड प्राप्त होने पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारियों से प्रगति बढ़ाकर अगले माह ए ग्रेड प्राप्त करने का निर्देश दिया। पर्यटन विभाग में जुलाई तक 20 में से 18 परियोजनाएं पूरी हुईं। शेष दो परियोजनाओं की सही जानकारी अगले बैठक में प्रस्तुत करने को कहा गया।
मिड डे मिल योजना में सी ग्रेड तथा रैंक 56 प्राप्त हुआ। विद्यार्थियों की उपस्थिति 77.41 प्रतिशत रहने पर जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को स्थलीय निरीक्षण कर ग्रेड सुधारने हेतु निर्देशित किया। सेतु निर्माण में बी ग्रेड पाई गई। बूढ़नपुर, दीदारगंज एवं बरदह मार्ग पर मघुई नदी सेतु की भौतिक प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
लोक शिकायत सीएमआईएस में सी ग्रेड मिलने पर जिलाधिकारी ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को मैनपावर बढ़ाकर परियोजनाओं में प्रगति लाने और सीएमआईएस पोर्टल पर वित्तीय एवं भौतिक प्रगति दर्ज करने का निर्देश दिया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, एसआईसी मण्डलीय जिला चिकित्सालय, एसीएमओ, एक्सीयन पीडब्ल्यूडी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
