आजमगढ़।जिले के पल्हनी विकास खंड के पंचायत सहायकों ने शुक्रवार को क्राप सर्वे कार्य का बहिष्कार करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि सरकार ने लेखपालों का काम उन पर थोपकर उनका शोषण किया है। मात्र 6000 रुपये मासिक मानदेय में घर चलाना ही मुश्किल है, ऐसे में अतिरिक्त जिम्मेदारी उठाना अन्याय है। पंचायत सहायकों ने कहा कि बड़ी संख्या में महिलाएं भी इस पद पर कार्यरत हैं, जिन्हें प्रताड़ना और असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है। ना तो उन्हें बीमा की सुविधा है और ना ही सरकारी कर्मचारी का दर्जा प्राप्त है।
उन्होंने बताया कि पहले भी उनसे कई विभागों के कार्य कराए गए, लेकिन कभी अतिरिक्त भुगतान नहीं मिला। सभी पंचायत सहायक अपने-अपने गांव के टॉपर रहे हैं, फिर भी संविदा कर्मियों की तरह उन्हें नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे।
इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष आलोक यादव, महामंत्री इंद्रेश यादव, उपाध्यक्ष प्रमोद यादव समेत रोहित, प्रतिमा, जानवी, शिवांगी, शिवानी और अन्य पंचायत सहायक मौजूद रहे।
