आजमगढ़। शासन के निर्देशानुसार स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत जिला पंचायत राज अधिकारी पवन कुमार के आदेश पर जनपद के सभी विकासखंडों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। मौजूदा समय में मच्छर जनित रोगों के बढ़ते प्रकोप से निपटने के लिए गांव-गांव सफाई कार्य तेजी से किया जा रहा है। इसी क्रम में 23 अगस्त 2025 को राजस्व ग्राम चकगोरया, विकासखंड पल्हनी में ग्राम पंचायत अधिकारी और ग्राम प्रधान की देखरेख में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान हाट, बाजार, टोला और मोहल्लों में झाड़ू लगाया गया, कचरा हटाया गया और नालियों की सफाई की गई। साथ ही रोगों पर नियंत्रण पाने के लिए जगह-जगह दवा का छिड़काव भी किया गया। ग्राम पंचायत के सफाई कर्मचारी निरंतर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए गांव को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के प्रयास में जुटे हैं। इस दौरान मेरा ग्राम पंचायत स्वच्छ रहे, सुंदर रहे  के नारे के साथ लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। सफाई अभियान में गुलाब चौरसिया, अभय चौहान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे और सक्रिय भूमिका निभाई।