रिपोर्ट: अरुण यादव

आज़मगढ़। जिले के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के सैदपुर गांव में रविवार को स्नान के दौरान एक मासूम छात्र की नदी में डूबकर मौत हो गई। यह हादसा कुंवर नदी में हुआ, जहां दोस्तों के साथ नहाने गया छात्र गहरे पानी में चला गया और डूब गया।

मिली जानकारी के अनुसार, सैदपुर गांव निवासी अमन (11 वर्ष) पुत्र कौशर अपने दोस्तों के साथ करीब एक किलोमीटर दूर कुंवर नदी पर स्नान करने गया था। इसी दौरान अमन अचानक गहरे पानी में डूब गया। उसके साथ मौजूद अन्य बच्चों ने शोर मचाते हुए गांव जाकर लोगों को घटना की जानकारी दी।

ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर नदी में बच्चे की तलाश शुरू की और तुरंत पुलिस को भी सूचना दी। लगभग चार घंटे की मशक्कत के बाद मासूम का शव नदी से बरामद किया गया ।अमन की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम छा गया। मृतक कक्षा 3 का छात्र बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्यवाही शुरू कर दी है।