रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। थाना अहरौला क्षेत्र में गैरइरादतन हत्या के मामले में वांछित अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त एक गैस सिलेंडर भी बरामद हुआ है।

मामला नगर पंचायत माहुल वार्ड नं. 6 का है। स्थानीय निवासी लालचन्द्र अग्रहरी ने रविवार को थाने में तहरीर दी थी कि उनका छोटा बेटा दिलीप नशे का आदी है। शुक्रवार की रात करीब 10 बजे उसने अपने चाचा मनोज को गैस सिलेंडर से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घायल मनोज का अस्पताल में इलाज चल रहा था, लेकिन बाद में उसकी मौत हो गई।

इस मामले में थाना अहरौला पुलिस ने शुरू में धारा 110 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया था, लेकिन पीड़ित की मृत्यु के बाद इसे बढ़ाकर धारा 105 बीएनएस कर दिया गया। सोमवार को उपनिरीक्षक सुधीर कुमार सिंह व पुलिस टीम ने आरोपी दिलीप अग्रहरी पुत्र लालचन्द्र अग्रहरी को हिरासत में लिया। गिरफ्तारी के समय उसके पास से घटना में प्रयुक्त सिलेंडर भी बरामद हुआ। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त को पूर्व से ही थाने पर पूछताछ हेतु बैठाया गया था और उचित कारण बताते हुए उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई जारी है।