आजमगढ़। निजामाबाद विधानसभा क्षेत्र में सड़कों की बदहाल स्थिति अब जनप्रतिनिधियों के लिए चुनौती बनती जा रही है। क्षेत्र की जनता ने अपने गुस्से को जताने के लिए नया तरीका अपनाया है। पहले जहां विधायक और सांसद के लापता पोस्टर लगे थे, वहीं अब ग्रामवासियों ने ‘सड़क नहीं तो वोट नहीं’  का बैनर टांगकर  चेतावनी दे दी है।

सोशलिस्ट किसान सभा के महासचिव राजीव यादव ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि जनता के बुनियादी सवालों को अब और नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि यदि जनप्रतिनिधि जनता की समस्याओं का समाधान नहीं करेंगे तो लोगों का आक्रोश सड़क पर साफ नजर आएगा।

ग्रामवासियों ने निजामाबाद से कबीर आश्रम, त्रिमुहानी जाने वाली जर्जर सड़क को जल्द दुरुस्त करने की मांग उठाई है। शेरपुर, सहादतपुर, मानापट्टी, चंदाभारी और त्रिमुहानी गांव के लोगों ने बैनर लगाकर कहा कि इस मार्ग से रोजाना हजारों लोग गुजरते हैं। खराब सड़क के कारण स्कूली बच्चों को चोट लगती है, बीमारों को अस्पताल ले जाना कठिन हो जाता है और आमजन को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ती है। बैनर पर चंद्रशेखर मौर्य, उमेश मौर्य और अनिल मौर्य के नाम अंकित हैं।

राजीव यादव ने कहा कि सड़क बनवाने को लेकर चल रहा यह आंदोलन अब जनआंदोलन का रूप ले रहा है। लाहीडीह और शेरपुर के बाद कई गांवों में लोग खुलकर सामने आए हैं। उन्होंने अपील की कि जिस भी गांव की सड़कें टूटी-फूटी हैं, पुल की कमी है या अन्य बुनियादी समस्या है, वहां के लोग बैठक कर बैनर लगाकर अपनी मांग रखें। किसान सभा ऐसे हर आंदोलन के साथ खड़ी है।