आजमगढ़। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने जयप्रकाश नारायण सर्वोदय आश्रम पद्धति विद्यालय मूसेपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षा 6, 8, 11 एवं 12 के छात्रों से पढ़ाई और अध्यापकों की उपस्थिति के बारे में जानकारी ली। छात्रों ने बताया कि कुछ शिक्षक कभी-कभी कक्षा में नहीं आते हैं और पढ़ाई भी सही ढंग से नहीं कराते। इसके अलावा भोजन की गुणवत्ता व खेल की सुविधा को लेकर भी शिकायत की गई।

जिलाधिकारी ने अध्यापकों की उपस्थिति पंजिका का निरीक्षण किया, जिसमें तीन अध्यापक अनुपस्थित मिले। दो का अवकाश प्रार्थना पत्र मिला जबकि एक का नहीं मिला। इस पर उन्होंने प्रधानाचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। छात्रावास निरीक्षण के दौरान भोजन में चावल की गुणवत्ता खराब पाई गई। जिलाधिकारी ने सप्लाई करने वाली फर्म पर 5 प्रतिशत कटौती और नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। चावल व दाल के नमूने भी जांच हेतु एकत्र कराए गए।

छात्रावास में नाली जाम मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए समाज कल्याण अधिकारी को सप्ताहिक निरीक्षण का आदेश दिया। बीमार छात्रों के स्वास्थ्य की जानकारी भी ली और फार्मासिस्ट से उपचार की स्थिति जानी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि फेल छात्रों के विषय अध्यापकों की संविदा समाप्त करने हेतु शासन को पत्र भेजा जाए।

विद्यालय के बाहर जलजमाव और गड्ढों की स्थिति पर भी उन्होंने असंतोष जताते हुए तत्काल खंड विकास अधिकारी व ग्राम प्रधान से संपर्क कर मरम्मत कराने का आदेश दिया। चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह में कार्य पूरा नहीं हुआ तो जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होगी।
निरीक्षण के दौरान समाज कल्याण अधिकारी राजेश चौधरी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव पाठक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
