आज़मगढ़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की 2425 मुख्य सेविकाओं एवं 13 फार्मासिस्ट को नियुक्ति पत्र वितरित किए। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण हरिऔध कला केंद्र, आज़मगढ़ में विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक की उपस्थिति में किया गया।
इसी क्रम में एमएलसी विजय बहादुर पाठक ने जनपद की 101 चयनित मुख्य सेविकाओं में से 100 को नियुक्ति पत्र प्रदान किए, जबकि एक मुख्य सेविका को मुख्यमंत्री द्वारा लखनऊ में नियुक्ति पत्र दिया गया। उन्होंने सभी को बधाई देते हुए कहा कि अयोध्या के बाद सबसे अधिक मुख्य सेविकाओं का चयन आज़मगढ़ से हुआ है, जो जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी ने आज़मगढ़ की छवि बदल दी है और अब यहां के लोग हर क्षेत्र में अपना नाम कमा रहे हैं।

विधान परिषद सदस्य ने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में यह स्पष्ट किया कि जैसे कृष्ण की चर्चा में मां यशोदा का उल्लेख होता है, वैसे ही सेविकाओं की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नारी सशक्तीकरण पर जोर दे रहे हैं और लोकसभा में महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया जा रहा है। जब एक महिला सशक्त होती है तो पूरा परिवार सशक्त होता है।

उन्होंने कहा कि सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ भर्तियां कर रही है। मुख्य सेविकाओं को आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए सरकार की मंशा के अनुसार कार्य करना होगा। शासन ने प्री-प्राइमरी स्तर पर बच्चों को आंगनवाड़ी केंद्रों से जोड़ने की पहल की है और प्रदेश में 5000 विद्यालयों को चिन्हित किया गया है। अगले छह महीनों में बाल वाटिकाओं की स्थापना की जाएगी, ताकि एक किमी परिधि में आने वाले विद्यालयों से जुड़े आंगनवाड़ी केंद्र विकसित हो सकें।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक मुख्य सेविका के अंतर्गत लगभग 25 आंगनवाड़ी केंद्र होंगे, जहां कार्यकत्रियों और सहायिकाओं से तालमेल बनाते हुए योजनाओं को धरातल पर उतारना होगा। उन्होंने मुख्य सेविकाओं को निष्ठा और ईमानदारी से दायित्व निर्वहन की अपील की।इसके साथ ही उन्होंने ड्राई राशन वितरण, हॉट कुक्ड योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, कुपोषित बच्चों का चिन्हांकन और ग्रामीण स्वास्थ्य पोषण दिवस जैसी योजनाओं पर भी विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी हेमंत सिंह ने मुख्य सेविकाओं को उनके कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया। प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी/जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर सीडीपीओ, नव चयनित मुख्य सेविकाएं और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
