आज़मगढ़। प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी और जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में पंचायत एडवांसमेंट इंडेक्स 2.0 पर एकदिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य विकास अधिकारी ने दीप प्रज्ज्वलन कर की। इस अवसर पर उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिया कि अब ग्राम पंचायत और विकास खंड स्तर का पूरा डेटा पीएआई पोर्टल पर ही संकलित कर अपलोड किया जाएगा।

मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि इस पोर्टल पर सभी विभागों की सूचनाएं और सूचकांक एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगे। पंचायतों को राष्ट्रीय सम्मान की सूची में शामिल होने के लिए भी अपना प्रमाणित डेटा इसी पोर्टल पर दर्ज करना होगा। उन्होंने कहा कि पंचायतों को प्राप्त अंकों के आधार पर ही उन्हें चयन प्रक्रिया में सम्मिलित किया जाएगा।

इस दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि सभी विभागों के अधिकारी सही और प्रमाणित डेटा एकत्र करने तथा उसे पोर्टल पर अपलोड करने में सहयोग करेंगे।

राष्ट्रीय स्तर पर पंचायतों का चयन नौ थीम पर अर्जित अंकों के आधार पर होता है। चयनित पंचायतों को एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि सम्मान स्वरूप दी जाती है। नौ थीम में गरीबी मुक्त एवं उन्नत आजीविका पंचायत स्वस्थ पंचायत बाल हितैषी पंचायत पर्याप्त जलयुक्त पंचायत स्वच्छ एवं हरित पंचायत आत्मनिर्भर बुनियादी ढांचे वाली पंचायत सामाजिक रूप से सुरक्षित एवं न्यायपूर्ण संगत पंचायत सुशासन वाली पंचायत और महिला हितैषी पंचायत शामिल हैं।

अब पंचायतों को अपने सभी जरूरी डेटा पीएआई पोर्टल पर दर्ज करने होंगे। इसके आधार पर ही राष्ट्रीय सम्मान के लिए चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।