आज़मगढ़। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर के उपरांत ग्राम मोजरापुर स्थित प्राचीन श्री पांडेश्वर नाथ मंदिर में श्रीकृष्ण बरही उत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ-साथ आसपास के गांवों से भी भारी संख्या में भक्त शामिल हुए।

कार्यक्रम के आयोजक प्रमुख समाजसेवी रामचंद्र यादव व भाजपा नेता संजय यादव ने सभी आगंतुकों का स्वागत किया। उत्सव के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की विशेष पूजा-अर्चना की गई। मंदिर को फूलों, दीपों और रंग-बिरंगी झालरों से सजाकर भव्य रूप दिया गया। भगवान का आकर्षक श्रृंगार कर उन्हें झूले पर विराजमान कराया गया, जहां संकीर्तन के बीच भक्तों ने झूला झुलाया।

कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चारण व श्रीकृष्ण स्तुति से हुई। इसके बाद भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति दी। बच्चों द्वारा राधा-कृष्ण और गोप-गोपियों की वेशभूषा में रास-लीला प्रस्तुत की गई, जिसने वातावरण को और भी भक्तिमय बना दिया। साथ ही बाल-गोपाल की लीला का मंचन भी किया गया, जिसे श्रद्धालुओं ने अत्यंत सराहा।

भक्तों के लिए भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें प्रसाद रूपी भोजन वितरित किया गया। पूरे कार्यक्रम की व्यवस्था समिति के सदस्यों ने सफलतापूर्वक संभाली। संयोजक रामचंद्र यादव व भाजपा नेता संजय कुमार यादव ने बताया कि यह आयोजन वर्षों से निरंतर होता आ रहा है, जिसका उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, परंपरा और भक्ति से जोड़ना है।

इस अवसर पर पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण पाल, प्रेम प्रकाश राय, चीनी मिल के डायरेक्टर नरेंद्र सिंह, अशोक कुमार वर्मा, धर्मेंद्र श्रीवास्तव, मंतराज यादव सहित हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे। यह आयोजन सभी भक्तों के लिए भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप के प्रति प्रेम, भक्ति और आध्यात्मिक अनुभव का प्रतीक बन गया।