आजमगढ़। जिले के थाना मुबारकपुर पुलिस ने प्रतिबंधित पशु वध कर अवशेष फेंकने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे सर्विस लेन के पास नाले में प्रतिबंधित पशु के सिर व खाल के अवशेष फेंके गए हैं। मौके पर पहुँचकर अवशेष बरामद किए गए तथा पास में एक जीवित पशु भी मिला, जिसे गौशाला भेजा गया।
मामले में मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना की गई तो आरोपियों के नाम जीशान उर्फ अजालू, इंतजार आलम उर्फ बुद्धू, रहीम, कलीम, अब्दुल रहमान, मोहम्मद मुजाहिद, शमशाद अहमद प्रकाश में आए। पुलिस ने दबिश देकर अब्दुल रहमान, शमशाद अहमद, मोहम्मद मुजाहिद, इंतजार आलम को पकड़ लिया। इनके पास से चापड़ और कुल्हाड़ी बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे प्रतिबंधित पशुओं को सुनसान स्थान पर वध कर उसका मांस बेचते थे। हाल ही में उन्होंने एक बछड़े का वध कर उसका मांस आपस में बांट लिया था। आज भी वे दूसरे पशु को वध करने की तैयारी में थे कि पुलिस ने दबिश देकर पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम की धाराओं के साथ-साथ आर्म्स एक्ट की भी कार्रवाई की गई है।
