रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के बिलरियागंज थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए कि उन्होंने एक विद्यालय प्रबंधक से खुलेआम रंगदारी की मांग कर दी। रुपये न देने पर मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। इसी दौरान राहगीरों और स्थानीय लोगों ने आरोपियों को पकड़कर जमकर पिटाई कर दी। यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पीड़ित ने स्थानीय थाने और पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई की गुहार लगाई है।

मिली जानकारी के अनुसार, बडिहारी गांव निवासी सुनील यादव पुत्र रामनगीना यादव ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि 27 अगस्त की शाम करीब 5:20 बजे जब वह पेट्रोल पंप पर अपनी गाड़ी में तेल भरवा रहे थे, तभी फरहान पुत्र रियाजुद्दीन निवासी मधनापार, शाहिल पुत्र इस्न्दार निवासी दोर्जी धौरहरा, आफताब पुत्र फिरोज निवासी बिलरियागंज, मंजीर पुत्र लुकमान और दो अन्य अज्ञात युवकों ने उनकी गाड़ी रोक ली। आरोपियों ने दबंगई दिखाते हुए रुपये की मांग की और विरोध करने पर उनका पीछा करते हुए घर तक पहुंच गए। वहां शीशा तोड़कर धमकी देने लगे।

शोरगुल सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और आरोपियों की धुनाई कर दी। पीड़ित का आरोप है कि इससे पहले भी 17 अगस्त को इन्हीं आरोपियों ने उनकी गाड़ी रोककर खुद को लोन रिकवरी एजेंट बताते हुए कंधरापुर बाजार ले जाकर एक जनसेवा केंद्र से जबरन 6,000 रुपये निकलवाए थे। उस समय सामाजिक निंदा के डर से उन्होंने शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। विद्यालय प्रबंधक होने की जानकारी पाकर अपराधियों ने उन्हें लगातार निशाना बनाया। पीड़ित ने पुलिस से कठोर कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो संज्ञान में आया है। जिसमें एक व्यक्ति को 5-6 लोग सड़क पर मारपीट रहे हैं। पीड़ित सुनील यादव ने तहरीर दिया है और बताया है कि एक फरहान, शाहिल और कुछ अज्ञात लोगों ने उनके साथ मारपीट की और रुपये की मांग की है। इस मामले में सभी तथ्यों की जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।