रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। जिले में गली-गली खुले प्राइवेट स्कूलों में बिना मान्यता और मानक पूरा किए संचालन की होड़ मची हुई है। ऐसे ही एक स्कूल के खिलाफ विभाग ने सख्त कार्रवाई तब की, जब IGRS पोर्टल पर शिकायत दर्ज की गई।
मिली जानकारी के अनुसार, नगर के सिधारी थाना क्षेत्र में एक सिनेमा हॉल के सामने स्थित कैरियर प्वाइंट पब्लिक स्कूल पर शुक्रवार की दोपहर सह जिला विद्यालय निरीक्षक वीरेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापा मारा। जांच के दौरान पाया गया कि स्कूल में बिना मान्यता के 9 से 12 तक की कक्षाएं संचालित हो रही थीं। जिसके बाद अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया।
सह जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि इस संस्थान को पहले ही चेतावनी दी गई थी, बावजूद इसके प्रबंधन नियमों को ताक पर रखकर पढ़ाई करवा रहा था। पहले मैं खुद ही जांच कराने यहां आया था तो इनके पास केवल 1 से आठ तक के स्कूल की मान्यता मिली लेकिन यह इंटर तक की कक्षाओं के संचालन हो रहा था। जिस पर इनको कक्षाओं को बंद करने की चेतावनी दी गई थी। जांच में यह भी सामने आया कि जिन छात्रों का दाखिला किसी अन्य मान्यता प्राप्त स्कूल में था, उन्हें यहाँ पढ़ाया जा रहा था। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को केवल मान्यता प्राप्त विद्यालयों में ही दाखिला दिलाएं, जिससे भविष्य में उनके करियर को किसी प्रकार का नुकसान न हो।
