रिपोर्ट: आशीष निषाद
अतरौलिया, आज़मगढ़। स्थानीय थाना क्षेत्र के पटेल चौक के पास नंदना मार्ग पर शुक्रवार शाम बाइक और अज्ञात वाहन की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार पकरडीहा गांव निवासी शिवम यादव (26) अपने मित्र हैदर अली (27) के साथ अतरौलिया बाजार से सामान लेकर घर लौट रहे थे। शाम लगभग 4 बजे सामने से आ रहे किसी अज्ञात वाहन से उनकी मोटरसाइकिल की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस देर से आने के कारण घायलों को टेंपो में अस्पताल पहुंचाया। अमर शहीद राजा जयलाल सिंह 100 शैय्या अस्पताल में डॉक्टरों ने शिवम यादव को मृत घोषित किया। गंभीर रूप से घायल हैदर अली का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। ब्लॉक प्रमुख चंद्रशेखर यादव भी अस्पताल पहुंचे और मृतक परिवार से दुख साझा किया। स्थानीय लोगों ने कहा कि यदि दोनों युवक हेलमेट पहनते तो शायद यह हादसा टल सकता था।
मृतक शिवम अपने परिवार में सबसे छोटा भाई था। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। मां भानमती रो-रोकर बेहाल हैं, जबकि पिता राम प्रसाद खेती-किसानी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं।
