रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ़। जिले के थाना सरायमीर पुलिस टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए बीती रात पवईलाडपुर गांव से एक महिला को 153 पुड़िया हेरोइन और 1,35,820 रुपये नकद के साथ गिरफ्तार किया। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग सात लाख रुपये आंकी गई है।
एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि पवईलाडपुर स्थित एक मकान में महिला व एक व्यक्ति हेरोइन की पुड़िया छिपाकर बैठे हैं। पुलिस टीम ने छापेमारी की तो दरवाजा खटखटाने पर एक व्यक्ति दीवार फांदकर भाग निकला, जबकि महिला प्रमिला यादव पत्नी श्रवण यादव निवासी पवईलाडपुर पुलिस के हत्थे चढ़ गई। तलाशी में उसके कब्जे से हेरोइन की पुड़िया और नकदी बरामद हुई। नियमानुसार उसे हिरासत में ले लिया गया। बरामदगी के आधार पर थाना सरायमीर में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्यवाही शुरू कर दी गई है।
एसपी ग्रामीण ने बताया कि पूछताछ में महिला ने स्वीकार किया कि उसका बेटा हेरोइन लाकर देता है जिसे वह पुड़ियों में तैयार कर अपने पास रख लेती है। महिला हमेशा घर का दरवाजा बंद रखती थी और जब कोई ग्राहक नशा लेने आता था तो वह दरवाजे के पास से ही पैसा लेकर पुड़िया बेच देती थी।
