आजमगढ़। जिले के सगड़ी तहसील क्षेत्र के अंजान शहीद नत्थूपुर गांव स्थित शहीद पार्क में शनिवार को कारगिल युद्ध के वीर शहीद रामसमुझ यादव की पुण्यतिथि पर भव्य शहीद मेला आयोजित किया गया। यह आयोजन देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से भरपूर रहा और ग्रामीणों के लिए गर्व और प्रेरणा का केंद्र बना।

मेले में मुख्य आकर्षण कारगिल युद्ध के नायक ब्रिगेडियर के.एस. मेहरा (सेना मेडल), जो शहीद रामसमुझ यादव के तत्कालीन कमांडर रहे, और परमवीर चक्र विजेता शहीद विक्रम बत्रा के पिता गिरधारी लाल बत्रा की उपस्थिति रही।


सांसद धर्मेंद्र यादव, सपा-भाजपा के कई जनप्रतिनिधि, पूर्व विधायक बंदना सिंह तथा बड़ी संख्या में समाजसेवी और ग्रामीण भी शामिल हुए। देशभक्ति और वीर रस से ओतप्रोत कार्यक्रम में भोजपुरी की प्रसिद्ध गायिका कल्पना पटवारी और गायक दुष्यंत शुक्ला ने गीत प्रस्तुत किए। इसके अलावा पारंपरिक धोबिया नृत्य, कहरवा नृत्य और जांघिया नृत्य की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

शहीद रामसमुझ यादव का जन्म 30 अगस्त 1977 को अंजान शहीद नथ्थूपुर गांव में हुआ था। वर्ष 1997 में उन्होंने सेना की 13 कुमाऊँ रेजीमेंट में भर्ती होकर पहली तैनाती सियाचिन ग्लेशियर पर की। कारगिल युद्ध 1999 में तुरतुक सेक्टर की 5685 ऊँची पहाड़ी पर दुश्मनों से लोहा लेते हुए 30 अगस्त को वीरगति को प्राप्त हुए।

शहीद के छोटे भाई प्रमोद यादव ने बताया कि हर वर्ष शहादत दिवस पर यह मेला आयोजित किया जाता है। शहीद पार्क को इस वर्ष भी भव्य रूप से सजाया गया और दूर-दराज़ से आए लोगों ने श्रद्धा-सुमन अर्पित कर शहीद को नमन किया।
