फ़ाइल फोटो

आज़मगढ़। डेढ़ दशक से जर्जर पड़े अहरौला–कप्तानगंज मार्ग पर जल्द ही सफर सुगम होने जा रहा है। लोक निर्माण विभाग के अनुसार मार्ग का निर्माण कार्य सितंबर माह के अंत तक शुरू हो जाएगा। विभाग ने शासन को 57 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा है, जो अंतिम चरण में है।

इस मार्ग के निर्माण की मांग लंबे समय से हो रही थी। हर किलोमीटर में सैकड़ों गड्ढों के कारण वाहन चालकों से लेकर पैदल यात्रियों तक को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। स्थिति यह है कि मार्ग पर आवागमन करना मुश्किल हो गया है। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से लेकर समाजसेवी लगातार इस समस्या को उठा रहे हैं। विधानसभा में भी मुद्दा कई बार गूंज चुका है।

भाजपा सहयोगी दल सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व प्रदेश सरकार में पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर भी चौपाल कार्यक्रमों में जनता की पीड़ा सुन चुके हैं। कई ग्राम प्रधानों और नागरिकों ने उन्हें शिकायती पत्र देकर सड़क निर्माण की गुहार लगाई थी। राजभर ने खुद मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अहरौला–कप्तानगंज मार्ग के साथ सिकंदरपुर–नरियांव मार्ग के निर्माण का प्रस्ताव रखा।

इसके बाद विभाग ने अहरौला–कप्तानगंज 21 किमी मार्ग के लिए 5698.66 लाख तथा सिकंदरपुर–नरियांव 5 किमी मार्ग के लिए 1202.31 लाख रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा। दोनों प्रस्ताव पास होने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।

अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग विशाल पांडेय ने बताया कि अहरौला–कप्तानगंज मार्ग का निर्माण कार्य सितंबर के अंत तक शुरू कर दिया जाएगा।