आज़मगढ़। जिले के पल्हना ब्लॉक कार्यालय परिसर में रविवार को रोटरी क्लब बनारस शाइन और आरके शंकरा नेत्र हॉस्पिटल, वाराणसी के सहयोग से निशुल्क मोतियाबिंद जांच और ऑपरेशन शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में चयनित लाभार्थियों को शंकरा हॉस्पिटल की बस द्वारा वाराणसी ले जाया गया और उन्नत मशीनों से ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के बाद सभी मरीजों को वापस पल्हना ब्लॉक परिसर में लाकर छोड़ा गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पल्हना ब्लॉक प्रमुख अनुराग सिंह सोनू ने कहा कि जन सेवा के ऐसे कार्यों में हर कोई बढ़-चढ़कर हिस्सा ले। विशिष्ट अतिथि रोटेरियन सीए पी के अग्रवाल रहे। रोटरी क्लब बनारस शाइन के अध्यक्ष रोटेरियन पुनीत कपूर ने ब्लॉक प्रमुख का धन्यवाद किया और कहा कि यह कैंप रोटरी की सेवा भावना को दर्शाता है। सचिव रोटेरियन नेहा अरोड़ा ने बताया कि कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित किया गया ताकि वास्तविक लाभार्थियों को सहायता मिल सके।

ब्लॉक के सभी कर्मचारियों ने भी इस सेवा कार्य में पूरी मेहनत और सहयोग दिखाया। कैंप में कुल लगभग 250 लोगों का नेत्र परीक्षण हुआ और इनमें से लगभग 100 लोगों का ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया।

कार्यक्रम में भाजपा पल्हना मंडल अध्यक्ष विक्रांत सिंह, रोटरी क्लब के कोषाध्यक्ष रोटेरियन अभिनव सिंह, संचालक रोटेरियन करण चोटवानी और रोटेरियन नितिन प्रद्वानी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। ताड़क डीह के प्रधान प्रदीप सिंह विक्की और अन्य स्थानीय लोग जैसे सत्यम कुमार, रुषिका सिंह, रामदीन राजभर, बलबीर सिंह, अंशु मिश्रा, अजय सिंह, प्रिंस यादव, बृजेश गिरी, ओम यादव, जयदीप श्रीवास्तव, रामसाव अर्जुन यादव और रामप्रसाद ने सभी लाभार्थियों की सेवा में योगदान दिया।