आजमगढ़। जिले के मुबारकपुर विधानसभा क्षेत्र में विधायक निधि से कराए गए विकास कार्यों का भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित हुआ। इस मौके पर कुल 5 करोड़ 20 लाख 20 हजार रुपये की लागत से किए गए विकास कार्यों का उद्घाटन सदर सांसद धर्मेंद्र यादव और विधान परिषद सदस्य एवं पूर्व मंत्री बलराम यादव ने किया। लोकार्पण मुख्य रूप से ब्लाक रोड पर प्रधान संघ के अध्यक्ष रहे स्वर्गीय अमरेश यादव उर्फ बब्बन प्रधान की स्मृति में बने गेट का था। समारोह में स्थानीय नागरिकों सहित तमाम गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।

इस अवसर पर सदर सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि मुबारकपुर विधानसभा का यह ऐतिहासिक कार्य पूरे उत्तर प्रदेश के लिए मिसाल बनेगा। उन्होंने कहा,  विपक्ष का विधायक होने के बावजूद विधायक निधि का समुचित उपयोग कर एक वर्ष में 53 विकास कार्यों को पूरा करना साबित करता है कि इस मामले में और कोई बराबरी नहीं कर सकता। यह उदाहरण पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणादायक है।

पूर्व मंत्री बलराम यादव ने कहा कि विधायक अखिलेश यादव ने जो कार्य किया वह पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा है। विधायक अखिलेश यादव ने भरोसा दिलाया कि यदि 2027 में सपा की सरकार बनी, तो विकास कार्यों को और गति दी जाएगी। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष हवलदार यादव, विधायक पूजा सरोज, संग्राम यादव, पूर्व सांसद नंदकिशोर यादव, पूर्व विधायक श्याम बहादुर यादव, पूर्व विधान परिषद सदस्य कमला यादव, पूर्व मंत्री रामदुलारे राजभर, रामआसरे विश्वकर्मा, सैनिक प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष रामसिंह यादव और विधानसभा अध्यक्ष हीरा लाल यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।